रेस्टोंरेंट में विवाद के बाद छात्रों ने रोड़ पर प्रदर्शन किया।
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन रोड स्थित रेस्टोरेंट में हुए बवाल की शुरूआत हास्टल के छात्रों के भोजन के बाद भुगतान न किए जाने से हुई। घटना सोमवार की शाम 7.10 बजे के करीब हुई। यूनिवर्सिटी हॉस्टल में रहने वाले नीरज यादव, अभिषेक कुछ साथियों के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। पांच लोगों ने भोजन किया और फिर छह लोगों का खाना पैक करा लिया। रेस्टोरेंट के मैनेजर और गोरखनाथ निवासी आकाश (27) ने 1060 रुपये का बिल दिया। छात्र हॉस्टल का हवाल देकर 100 रुपये देने लगे। इसी बात के लिए दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
मनबढ़ छात्रों ने आकाश के आंख में वार कर दिया जिससे गंभीर चोट आई। फिर गुलरिया निवासी विकास यादव को पीट दिया। भाग रहे आरोपियों में तीन के पकड़े जाने की सूचना पर सौ से ज्यादा छात्र एक बार फिर स्टेशन रोड पर पहुंच गए और न्यू मिर्च मसाला के साथ ही बगल के राज रेस्टोरेंट में भी तोड़फोड़ की। न्यू मिर्च मसाला रेस्टोरेंट के मालिक भोला के मुताबिक मनबढ़ गल्ले से 3600 रुपये लेकर भी फरार हो गए।
हमराहियों के साथ दो पुलिसवालों ने ही थाम लिया मोर्चा
सूचना पर कैंट इंस्पेक्टर रवि राय और रेलवे चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। इसी बीच बढ़ती भीड़ की परवाह न करते हुए दो पुलिस वालों ने हमराहियों के साथ ही मोर्चा सम्हाल लिया, तीन आरोपियों को पकड़ा भी।
एक घंटे तक लगा रहा जाम
छात्रों के रिहाई की मांग के लिए हॉस्टल गेट के सामने सड़क पर साढ़े सात बजे के करीब छात्रों ने जाम लगा दिया था। इस दौरान किसी को भी आने जाने नहीं दिया जा रहा था। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई तो छात्र गेट के अंदर गए।
व्यापारियों ने जताया विरोध
छात्रों की पिटाई से होटल कर्मचारी की आंख फूटने की घटना से आहत व्यापारियाें ने बैठक की और विरोध दर्ज कराया। एसएसपी से आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। वहीं दूसरी ओर देर रात घायल आकाश को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।