सिकरीगंज (गोरखपुर)। सिकरीगंज के बारी गांव से बृहस्पतिवार को 12 वर्षीय आदर्श को अगवा करने के दोनोें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की टीम ने सर्विलांस के जरिए से मिली जानकारी के आधार पर इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र में भी रविवार को छापामारी की। एसपी क्राइम अशोक कुमार वर्मा इस मामले पर नजर रखे हैं। आरोपियों की तलाश में संतकबीरनगर और बिहार गई पुलिस टीम अभी भी वहां डटी है। एसपी क्राइम ने बताया कि अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, पर कुछ सुराग मिले हैं। उम्मीद हैं जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
बारीगांव निवासी जयप्रकाश सिंह का बेटा आदर्श सातवीं का छात्र है। बृहस्पतिवार की शाम को चार बजे वह लापता हो गया। शुक्रवार को पता चला कि गांव में ही शिव शंकर पांडेय के वहां आए संतकबीरनगर के मझौरा निवासी गौतम पांडेय और बिहार के गोपालगंज के बड़का हथुआ निवासी मुकेश पांडेय के साथ गुरुवार की देर शाम आदर्श को बुढ़ौरा गांव की पुलिया पर देखा गया था। घरवालों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए दोनों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया। उसके बाद पुलिस ने डॉग स्वावड की मदद ली। पुलिस ने गौतम पांडेय तथा मुकेश पांडेय के बैग की तलाशी ली। मनीष के बैग से आदर्श की शर्ट और ताबीज मिली।