गोरखपुर। पड़ोसी के मोबाइल फोन पर कॉल कर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपी को खोराबार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खोराबार के अकुलही गांव निवासी सफाई कर्मचारी बद्री नाथ निषाद के मोबाइल फोन पर शुक्रवार दोपहर एक अंजान नंबर से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने 24 घंटे के अंदर 10 लाख रुपये की मांग की, जिसे न देने पर हत्या की धमकी भी दी। सफाई कर्मचारी ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो उन्होंने एसएसपी को घटना की जानकारी दी। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर सर्विलांस की मदद से नंबर की जांच की तो पता चला कि फोन पड़ोसी ने किया था। पड़ोसी आकाश पुत्र राम निषाद को गिरफ्तार कर पुलिस ने सिम व मोबाइल फोन बरामद कर लिया। पूछताछ में आकाश ने बताया कि उसे रुपयों की जरूरत थी, इसीलिए फोन किया था। रिश्ते में आरोपी बद्रीनाथ का भतीजा लगता है।