पीपीगंज के कानापार में रविवार रात संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत हो गई। ससुराल के लोग अंतिम संस्कार की तैयारी में थे, तभी पुलिस पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की मां ने दामाद सहित पांच पर दहेज हत्या के आरोप में केस दर्ज कराया है। सीओ मामले की जांच कर रहे हैं।
सात जून 2017 को कानापार निवासी मनीष गौड़ ने मिनवा निवासी सुरेश गौड़ की पुत्री ज्योति 22 से प्रेम विवाह किया था। ज्योति ससुराल में थी। रविवार रात संदिग्ध हाल में उसकी मौत हो गई। सोमवार सुबह ससुराल वाले दाह संस्कार की तैयारी में जुटे थे। किसी ने मायके वालों को सूचना दी। मां निर्मला देवी ने दहेज के लिए बेटी की हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को दी।
एसओ सौरभ कुमार राय पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। सीओ आशुतोष कुमार ने मायके वालों का बयान दर्ज किया। निर्मला देवी की तहरीर पर पुलिस ने ज्योति के पति मनीष गौड़, ससुर राजेश, सास चंद्रलेखा जेठ मंट ूगौड़, जेठानी अंतिमा के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया। आरोप था कि शादी के बाद ससुराल वाले दहेज के लिए बाइक और पचास हजार रुपये की मांग कर रहे थे। एसओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की वजह साफ होगी।