गोरखपुर। सहजनवां थानाक्षेत्र में कसरवल के पास आमी नदी पर बने पुल पर शनिवार को ट्रक पलट गया। इससे ट्रक में सवार मालिक और चालक दोनों ही नदी में जा गिरे। दोनों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद संतकबीरनगर और गोरखपुर जिले की पुलिस कुछ देर तक सीमा विवाद में उलझ गई। बाद में सहजनवां थाने की पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया। तंबाकू लादकर ट्रक अहमदाबाद से गुवाहाटी जा रहा था, जो दूसरे ट्रक को साइड देने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गया। पुल की रेलिंग तोड़ते हुए ट्रक का अगला हिस्सा (चालक का केबिन) नदी के ऊपर लटक गया। बाकी का हिस्सा पुल पर ही था। चालक की पहचान राजस्थान के बाडमेर के झुंड निवासी घुराराम और मालिक की पहचान बाडमेर जिले के ही पचयतरा निवासी पोलाराम के रूप में हुई है। उनका नकदी व मोबाइल फोन नदी में गिर गया।