गोरखपुर।
शाहपुर थाना क्षेत्र के पीएसी कैंप के तुलसीराम बिछिया में बुजुर्ग महिला भोली देवी की हत्या उसके बेटे रंजीत ने ही की थी। बकौल रंजीत, वह मां से पूरी संपत्ति लिखने को कह रहा था, लेकिन मां इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद कुल्हाड़ी से वार कर उसने मां की हत्या कर दी। यही नहीं, गुमराह करने के लिए न सिर्फ उसने शव से कपड़े हटाकर बलात्कार और लूटपाट का आरोप लगाया बल्कि तीनों के खिलाफ नामजद केस भी दर्ज करा दिया।
पुलिस लाइंस में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसपी सिटी विनय सिंह ने बताया कि 23 अगस्त को तुलसीराम बिछिया में 70 वर्षीय भोली देवी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वादी बेटा रंजीत के बताए अनुसार अनूप, त्रिभुवन और सूरज के खिलाफ हत्या का नामजद केस दर्ज कर लिया, लेकिन जांच में ऐसे साक्ष्य नहीं मिले। शक के आधार पर बेटा रंजीत से पूछताछ की गई और फोरेंसिक व अन्य जांच रिपोर्ट के आधार पर जब कड़ाई की गई तो उसने सब कुछ स्वीकार कर लिया। मीडिया के सामने पेश हुए रंजीत ने बताया कि वह दो भाई था। बड़े भाई की मौत हो चुकी है। मां भोली बड़ी बहू को भी हिस्सा देना चाहती थी। इसी को लेकर विवाद हुआ और फिर गुस्से में उसने कुल्हाड़ी से मां पर वार कर दिया। एसपी सिटी ने बताया कि घटना के समय रंजीत ने जो टी-शर्ट पहनी थी, उसे बरामद कर लिया गया है। उसपर खून के धब्बे हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम इंस्पेक्टर घनश्याम तिवारी, विनोद कुमार, संतोष कुमार, धीरेंद्र प्रताप सिंह शामिल थे।