पुलिस ने भाई के हत्यारोपी को गिरफ्तार किया।
- फोटो : Amar Ujala
पत्नी से अवैध संबंध पर भाई के हत्यारोपी को पिपराइच पुलिस ने सरैया चौराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
एसपी नार्थ गणेश साहा ने पुलिस लाइंस में बताया कि जंगल छत्रधारी अजमतपुर बंगला निवासी गुड्डू शनिवार को मजदूरी कर घर लौटा। कमरे में उसने छोटे भाई शेरू को पत्नी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। पत्नी ने खुद को बेकसूर बताकर शेरू पर इज्जत लूटने का आरोप लगा दिया। इस पर गुड्डू ने धारदार हथियार से शेरू की गलाकाट कर हत्या कर दी थी और लाश रजाई में लपेटकर घर में छिपा दी थी। परिवार के लोग हत्या पर पर्दा डालने में जुटे थे।
पहली जनवरी को सबसे छोटे भाई रिंकू को हत्या की जानकारी हो गई तो उसने पुलिस को सूचना दे दी। केस दर्ज कर पुलिस ने बुधवार शाम आरोपी गुड्डू को सरैया के पास से गिरफ्तार कर लिया। एसपी नार्थ ने बताया कि हत्या अवैध संबंध में हुई। उसने गुनाह स्वीकार कर लिया है। आरोपी की पत्नी साजिश में शामिल पाई गई है।