- सौतेली मां की प्रताड़ना से आत्मघाती कदम उठाने का संदेह
- चार साल पहले बड़े भाई ने भी दे दी थी जान
पादरी बाजार। शाहपुर के श्रीराम चौराहा निवासी टेंट व्यापारी अजय गुप्ता के छोटे बेटे अमृत (20) ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। मंगलवार की सुबह छत के कुंडे से रस्सी के सहारे लटके अमृत को देखकर घर वाले स्तब्ध रह गए। रस्सी काटकर उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने अमृत को मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि के बाद घरवाले अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे मगर एक पड़ोसी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अजय का श्रीराम चौराहे पर घर है। इसमें ही वे टेंट हाउस का भी कारोबार करते हैं। करीब दस साल पहले पत्नी की मौत के बाद उन्होंने दूसरी शादी कर ली है। पहली पत्नी से अमृत के अलावा अमन और गौरव भी हुए थे। दूसरी पत्नी से एक बेटा और एक बेटी हैं। अजय के बड़े बेटे अमन ने भी चार साल पहले खुदकुशी की थी। चर्चा है कि सौतेली मां पहली पत्नी के बच्चों से भेदभाव करती थी और सबसे छोटे बेटे को मायके में काम करने भी भेज दिया है। अमृत को भी दसवीं के बाद पढ़ाई छुड़ाकर अजय ने व्यापार में लगा दिया। सोमवार की रात वह वसूली पर गया था और पिता को रुपये देने के बाद कमरे में चला गया। मंगलवार की सुबह उसकी लाश कमरे में लटकती मिली।
पढ़ने में होनहार था अमृत
पड़ोसियों के मुताबिक अमृत पढ़ने में काफी होनहार था। मगर पिता ने दसवीं के बाद पढ़ाई छुड़ाकर कारोबार में लगा लिया था। इससे भी वह परेशान रहता था। अमृत ने किस बात पर खुदकुशी की इसके बारे में परिवार वाले कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक मानसिक रूप से परेशान था और उसने खुदकुशी की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की छानबीन जारी है।
प्रवीण सिंह, सीओ गोरखनाथ
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।