बड़हलगंज के उपनगर के लेटाघाट पर रुई की दुकान में जेनरेटर की चिंगारी से आग लग गई। आग की लपटें देखकर आसपास के दुकानदारों में भी अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत से करीब आधे घंटे के बाद आग पर काबू पाया। आग से दुकानदार को करीब पचास हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
घटना सोमवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे की है। विजय मोदनवाल की दुकान के पीछे ही जेनरेटर है। उससे चिंगारी निकली और दुकान के पिछले हिस्से में रखी रुई में आग लग गई। थोड़ी देर पर आग का धुआं और लपटें देखकर पड़ोसियों ने विजय को जानकारी दी। आग लगने से आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। लोग तत्काल आग बुझाने की कोशिश करने लगे।
फायर विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई, मगर फायर की गाड़ी आने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया। विजय ने बताया कि आग से लगभग 50 हजार की रुई और तैयार गद्दों के साथ रजाई जल गई।