गोरखपुर। बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने शुक्रवार को एक घंटे के भीतर मार्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं की सोने की चेन लूट ली। लूट की सूचना पाते ही हरकत में आई पुलिस ने जांच शुरू कर दी। खोराबार पुलिस संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
खोराबार थानाक्षेत्र के आजाद नगर पुलिस चौकी इलाके के पटेल चौक पर रिटायर्ड दरोगा रामरसीले त्रिपाठी मकान बनाकर परिवार के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी उर्मिला सुबह साढ़े पांच बजे मार्निंग वॉक पर निकली थीं। चिलमापुर रोड पर काले रंग की बाइक से आए दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन लूट ली। उर्मिला ने शोर मचाया, जब तक लोग एकत्र होते तब तक बाइक सवार लुटेरे फर्राटा भरते फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर एसपी सिटी विनय सिंह ने चौकी इंचार्ज को मौके पर भेजा। जांच में लगी पुलिस ने दो संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है।
चिलुआताल प्रतिनिधि के मुताबिक गोरखनाथ थाने के राजेंद्रनगर पूर्वी निवासी बैजनाथ की पत्नी इंद्रावती देवी शुक्रवार सुबह छह बजे घर से मार्निंग वॉक पर निकली थीं। घर से कुछ दूरी पर पीछे से आए बाइक सवार बदमाश उनके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। महिला ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में रोजाना ही बाइक सवार बदमाश घूमते हैं, लेकिन पुलिस इस ओर ध्यान नहीं देती है।