चौरीचौरा। डुमरी खास तिराहे के पास शनिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे आलू व्यापारी विष्णु मिश्रा पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। हालांकि गोली व्यापारी की गाड़ी पर लगी और वह बाल-बाल बच गया। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
चौरीचौरा क्षेत्र के ग्राम बाल बुर्जुग निवासी विष्णु मिश्रा की सोनबरसा बाजार में दुकान है। वह आलू का थोक व्यापार करते हैं। विष्णु शनिवार की सुबह घर से बोलेरो से दुकान जा रहे थे। इसी बीच डुमरी खास तिराहे के पास दो बाइक से तीन लोगों ने पीछे से ओवरटेक कर गाड़ी रोकवा ली और फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सामने से शीशे पर तथा दूसरी गोली बोलेरो के बोनट के नीचे लगी। सूचना पर सीओ चौरीचौरा रचना मिश्रा ने एसओ रामअशीष यादव के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। आलू व्यापारी ने सोनू मिश्रा, सत्येंद्र, अजय के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस की पूछताछ में सोनू मिश्रा और सत्येंद्र मिश्रा ने बताया कि विष्णु पट्टीदार हैं, पहले हम लोग एक ही साथ आलू का व्यापार करते थे। इससे पूर्व नौ मई 2017 को भी विष्णु ने हम लोगों के खिलाफ गोली चलाने का आरोप लगाया था। जांच में मामला गलत पाया गया। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है।