घटना के बाद जांच करने पहुंची पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala
चिलुआताल थानाक्षेत्र में शनिवार की दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े विकास चौधरी (23) को गोलियां मार दीं। तीन गोलियां लगते ही विकास लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। घटना के समय विकास खेत में फसल काट रहा था। सूचना पर एसएसपी शलभ माथुर, एसपी साउथ गणेश साहा भी मातहतों के साथ मौके पर पहुंचे। हत्या की वजह प्रेम संबंध बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में हत्या से तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
चिलुआताल प्रतिनिधि के मुताबिक रामपुर चक निवासी गौरीशंकर का बेटा विकास चौधरी शनिवार को खेत में गया था। दोपहर ढाई बजे के करीब बाइक सवार दो युवक आए और विकास को ताबड़तोड़ तीन गोलियां मार दीं। गोली लगते ही वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र होने लगे। हमलावर फरार हो गए। पुलिस को सूचना देने के साथ ही ग्रामीणों की मदद से घर के लोग विकास को लेकर मेडिकल कॉलज पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की खबर आम होते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
एसएसपी शलभ माथुर भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मौका मुआयना कर पीड़ित परिवार के लोगों से भी पूछताछ की। मामला प्रेम संबंध का सामने आ रहा है। हालांकि एसएसपी का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या की असल वजह स्पष्ट हो पाएगी। हमलावरों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
गांव की एक युवती से था प्रेम संबंध
विकास का गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवती के घरवाले इस रिश्ते से नाराज से थे और इसे लेकर दोनों परिवार के लोग कई बार आमने-सामने भी हो चुके थे। लोग बीच बचाव कर मामले को शांत करा देते थे।
दो के खिलाफ दी तहरीर
परिवार के लोगों ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार को भी युवती के घरवालों ने उनके यहां धावा बोलकर मारपीट की थी और जान से मारने की धमकी दी थी।
भूमि विवाद की भी जांच कर रही पुलिस
गांव में विकास चौधरी के परिवार का जमीन को लेकर पास में रहने वाले एक परिवार से लंबे समय से विवाद है। दोनों पक्षों का विवाद थाने तक भी पहुंचा था, लेकिन कोई फैसला नहीं हो पाया था। पुलिस हत्या की वजह में इस बिंदु पर भी तहकीकात कर रही है।
एक सप्ताह पहले जेल से छूटा था विकास
विकास चौधरी को पुलिस ने मोबाइल चोरी के आरोप में जेल भेजी थी। अभी एक सप्ताह पहले ही जमानत पर वह रिहा हुआ था। पुलिस का कहना है कि विकास का भी आपराधिक इतिहास है और उसकी कई लोगों से रंजिश चल रही थी।