कस्बे में पल्सर सवार दो उचक्कों ने बाइक की डिकी का ताला तोड़कर 30 हजार रुपये निकाल लिए। बेटे के साथ बाइक से खरीदारी करने गई महिला ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्हें धक्का देकर फरार हो गए। महिला की बेटी की 29 अप्रैल को शादी है। वह पीएबी से रुपये निकालकर बेटे के साथ खरीदारी करने गई थीं।
गुलरिहा क्षेत्र के आबादी सखनी गांव निवासी दुर्गावती देवी बेटे सोनू निषाद के साथ सोमवार को बैंक से रुपये निकालकर उसे डिकी में रखकर भटहट कस्बे में पहुंचीं। इसके बाद सोनू बाइक एक दुकान के सामने खड़ी कर नाश्ता करने चला गया और दुर्गावती वर्तन की खरीदारी में जुट गईं। इसी बीच दो उच्चके बाइक की डिकी का ताला तोड़ने लगे। यह देख दुर्गावती देवी पहुंच गईं और दोनों को रोकने लगीं। इस पर दोनों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और रकम लेकर फरार हो गए।
सड़क पर गिरने से दुर्गावती चोटिल भी हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही एसओ और सीओ चौरीचौरा मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने छानबीन के बाद उचक्कों की तलाश में जुट गई है।