बड़हलगंज के प्राथमिक विद्यालय पटनाघाट में तीसरी क्लास के छात्र महानंद की बुरी तरह से पिटाई कर दी। आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने पैर, हाथ पर मारने के बाद सिर को दीवाल से टकरा दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। घर पहुंचे बेटे की हालत देख पिता ने प्राथमिक उपचार कराने के बाद थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पटनाघाट गांव निवासी डॉ. नीररतन विश्वास ने पुलिस को दिए तहरीर में कहा है कि उनका छह साल का बेटा महानंद तीसरी कक्षा का छात्र है। शुक्रवार को कक्षा में अध्यापक नहीं आए थे और बच्चे खेल रहे थे। बच्चों का शोर सुनकर आए प्रधानाध्यापक ने महानंद की बुरी तरह से पिटाई कर दी और उसका सिर दीवाल से टकरा दिया। घर आने पर इसकी शिकायत लेकर प्रधानाध्यापक के पास गए तो वह उलटे धमकी देने लगे और स्कूल से निकालने की बात कही।
उधर, ग्राम प्रधान हृदय शंकर सिंह ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को इसकी जानकारी दी। प्रधान का कहना है कि 23 साल से विद्यालय पर तैनात आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए। बड़हलगंज थाना प्रभारी दिलीप शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिली है मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।