यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली छात्रा से छेड़खानी करने वाले शोहदे अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। जमानत पर छूटने के बाद वे लगातार केस वापस करने का दबाव बना रहे हैं। छात्रा के पिता जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में सेना में सैनिक के पद पर तैनात हैं। परेशान जवान ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उधर, पुलिस ने शोहदों पर धमकी देने का भी केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
शाहपुर क्षेत्र में जवान की पत्नी और बच्चे रहते हैं। यूनिवर्सिटी में उनकी बेटी पढ़ती है। आरोप है कि सात अक्टूबर को यूनिवर्सिटी के पास ही शोहदों ने छेड़खानी की और विरोध करने पर धमकी दी। छात्रा की शिकायत पर कैंट पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी नंदानगर के राज किशोर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप है कि जमानत पर छूटने के बाद से ही राज किशोर परिवार को जानमाल की धमकी दे रहा है। जवान ने सीएम को लिखे पत्र में बताया है कि बेटी 15 अक्टूबर को मां के साथ घर से निकली थी। तभी राजकिशोर ने साथियों के साथ रोक लिया और केस वापस लेने की धमकी दी। साथ ही कहा, ऐसा नहीं हुआ तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
शिकायत पर शाहपुर पुलिस ने राज किशोर व उसके साथियों के खिलाफ धमकी देने का केस भी दर्ज कर लिया है। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि मामले में शाहपुर इंस्पेक्टर को कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।