रामलीला देखने गए युवक की रॉड से पीटकर हत्या
पुरानी रंजिश में ले ली जान, एक अज्ञात सहित तीन पर केस दर्ज, आरोपी फरार
खजनी इलाके के रामपुरवां गांव में रविवार देर रात हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
उनवल/ खजनी (गोरखपुर)। खजनी के रामपुरवां गांव में रविवार की देर रात रामलीला देखने गए युवक की रॉड और नुकीले हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। युवक के पिता ने सोमवार सुबह तीन युवकों पर पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रामपुरवां निवासी किशन चौबे (24) रविवार की शाम खाना खाने के बाद घर से रामलीला देखने बगल के गांव आशापार गए थे। उसी दौरान वहां पहले से घात लगाए कुछ युवकों ने उन पर लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर घरवाले उन्हें खजनी स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां से युवक को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय किशन की रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सोमवार को पुलिस ने युवक के पिता रामज्ञा की तहरीर पर गांव के विजय उर्फ छोटू, बुद्घिराम उर्फ कंपनी और एक अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया है।
----
आरोपियों पर पहले से चार केस
मारे गए युवक के घर और गांव के लोगों के अनुसार आरोपी दबंग किस्म के हैं। आए दिन वे मारपीट करते हैं। आरोपियों पर पहले से ही खजनी थाने में चार केस दर्ज हैं। किशन स्नातक की पढ़ाई करने के बाद बेरोजगार थे। वह मां-बाप की देखभाल के लिए घर पर ही रहते थे। वह दो भाइयों में छोटे थे। बड़े भाई दिल्ली में नौकरी करते हैं। किशन की अभी शादी नहीं हुई थी।