हरपुर-बुदहट। परमेश्वरपुर गांव के एक घर से चार महीने के मासूम बच्चे शव मिला। गांव के एक शख्स ने मासूम के बड़े भाई की सूचना पर हत्या कर शव दफनाए जाने की जानकारी पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंचे सीओ खजनी रचना मिश्रा, तहसीलदार शशांक शेखर राय की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कहा जा रहा है कि मां ने ही हत्या कर शव घर में दफनाया था। वहीं गांव में कुपोषण से भी मौत की चर्चा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हरपुर बुदहट क्षेत्र के परमेश्वपुर निवासी बसंत की बेटी शारदा की शादी सहजनवां क्षेत्र के लोनिया निवासी सुभाष के साथ हुई थी। सुभाष से शारदा के चार बच्चे हुए, जिसमें एक मौत हो गई। पूजा, कृष्णा तथा अंशिका साथ हैं। इसी बीच सुभाष की हत्या हो गई तो शारदा की शादी संतकबीरनगर के बलुअरा निवासी गुड्डू के साथ हुई। गुड्डू से शादी के बाद शारदा को लवकुश नामक एक पुत्र पैदा हुआ।
करीब तीन माह पहले शारदा अपने पुत्रों के साथ मायके परमेश्वपुर आ गई। शनिवार को शारदा के पहले पति सुभाष के पुत्र कृष्णा ने पड़ोसियों को बताया कि उसकी मां मासूम लवकुश की हत्या कर शव को जमीन में दबा दिया है। इसके बाद पड़ोसी की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। सीओ खजनी रचना मिश्रा, तहसीलदार सहजनवां शशांक शेखर राय तथा प्रभारी निरीक्षक हरपुर-बुदहट मनोज कुमार राय मौके पर पहुंचे और शव को जमीन से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही।