गगहा में गोली से घायल भाजपा कार्यकर्ता।
गोरखपुर। पुरानी रंजिश में राउतपार निवासी भाजपा कार्यकर्ता राजमन यादव (25) को गांव के ही दो लोगों ने गगहा चौराहे पर गोली मारी दी। पेट और हाथ में गोली लगने से लहूलुहान राजमन को चचेरे भाई योगेश ने स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल में दाखिल कराया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उधर, नाराज ग्रामीणों ने आरोपी की बाइक को आग के हवाले कर दिया। आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। गांव में एहतियातन फोर्स तैनात की गई है।
घटना बृहस्पतिवार की दोपहर 3:30 बजे के करीब हुई। झंगहा के राउतपार गांव निवासी राजमन यादव अपने चचेरे भाई योगेश यादव के साथ गगहा चौराहे पर स्थित एक दुकान में जलपान कर रहे थे। वहां पर गांव के उमेश और गोविंद यादव भी आ गए। पुरानी रंजिश लेकर दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। आरोप है कि इसी बीच गोविंद ने योगेश पर गोली चला दी जो बीच-बचाव कर रहे राजमन को लगी। सूचना पाकर गगहा पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि प्रधानी चुनाव के बाद से ही दोनों पक्षों में खींचातानी चल रही है और कुछ दिन पहले ही योगेश ने गांव के प्रधान प्रतिनिधि उमेश, गोविंद यादव समेत चार लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया था।