बनकटी गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने पिकअप सवार व्यापारी को तमंचा सटाया और 30 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। भागते समय गाड़ी की चाबी भी बदमाशों ने छीन ली थी, जिसे जिसे आगे जाकर फेंका था। व्यापारी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों के हुलिया के बारे में जानकारी ली। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
खजनी कस्बा निवासी राजेश कुमार गुप्ता के पास एक ब्रांड के मसाले की एजेंसी है। बुधवार को चालक सोनू और मजदूर शंकर के साथ वह इलाके में मसाला पहुंचाने और पुराने बकाए की वसूली के लिए निकले थे। दोपहर दो बजे के करीब वह रकम लेकर वापस खजनी लौट रहे थे। बनकटी गांव से अभी आगे बढ़े थे कि हेलमेट पहने बाइक सवार दो बदमाशों ने पिकअप ओवरटेक कर रोक लिया। राजेश अभी कुछ समझ पाते, तब तक एक बदमाश उतरा और राजेश की कनपटी पर तमंचा सटा दिया। उसके बाद उनकी जेब में रखे तीस हजार रुपये लूट लिए।
उधर, दूसरे बदमाश ने चालक की ओर जाकर गाड़ी की चाबी निकाल ली थी। घबराए व्यापारी ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। उसके बाद पहुंची पुलिस बताए गए हुलिया के मुताबिक बदमाशों की तलाश कर रही है। हालांकि हेलमेट पहने होने की वजह से व्यापारी भी हुलिया साफ साफ नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
एक साल पहले भी हुई थी लूट
व्यापारी राजेश के साथ ही करीब एक साल पहले भी लूट हो चुकी है। राजेश ने बताया कि तब भी बाइक सवार बदमाश 1.15 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। मगर अभी तक बदमाशों का पता नहीं चल सका और उनके साथ फिर वारदात हो गई।