अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर।
खजांची चौक के पास स्थित शिवम हॉस्पिटल में बुधवार को तीमारदार ने डॉक्टर पर पिटाई करने का आरोप लगाया। इसे लेकर काफी देर तक हंगामा चला।
बुधवार दोपहर एक बजे नेबुआ नौरंगिया के ग्राम रामपुर बांगर निवासी रजवंत वर्मा अपनी बेटी ममता वर्मा (22) को सीने में गांठ होने पर डॉ. एसके द्विवेदी को दिखाने के लिए शिवम हॉस्पिटल आए थे। मरीज ममता के पिता का आरोप है कि डॉक्टर को दिखाया तो ब्लड जांच लिखा। एक घंटे बाद रजवंत ने दूर जाने की बात कहकर जल्दी रिपोर्ट देखने के लिए डॉक्टर से कई बार कहा। उनका आरोप है कि इस पर डॉक्टर नाराज होकर उनको चेंबर में बुलाया और अपने साथ दो-तीन लोगों के साथ मिलकर लात-घूंसे से पिटाई कर दी। इसकी जानकारी पत्नी मंजू व बेटी ममता को होने पर वे हॉस्पिटल मे हंगामा करने लगे। इसकी सूचना सौ नंबर समेत वूमेन पॉवर हेल्प लाइन पर भी दी। सूचना पर गुलरहिया थाना प्रभारी अनिल कुमार उपाध्याय और सीओ गोरखनाथ चारु निगम, महिला थाना प्रभारी शालिनी सिंह पहुंचे। अस्पताल की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग लेकर मामले की जांच करने का आश्वासन दिया। इस पर हंगामा शांत हुआ।