गोरखपुर। मुकदमे में सुलह न करने पर युवक ने पीड़ित छात्रा का अपहरण कर लिया। छात्रा के मामा ने आरोपी युवक और उसके पिता के खिलाफ खोराबार थाने में केस दर्ज कराया है। मऊ जिले के सरायलखंसी थानाक्षेत्र की रहने वाली किशोरी की खोराबार में आजाद चौक के पास ननिहाल है। मामा के पास रहकर वह पढ़ाई करती है। इंद्रानगर निवासी शुभम सिंह नाम के युवक ने एक साल पहले छात्रा को अगवा कर लिया था। परिवार के लोगों ने सरायलखंसी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छात्रा को मुक्त कराया था। जेल से छूटने के बाद शुभम ने छात्रा और उसके घरवालों पर सुलह करने का दबाव बनाया। 18 अगस्त की शाम को छात्रा कोचिंग के लिए घर से निकली। तबसे उसका कुछ पता नहीं चल रहा। छात्रा के मामा ने शुभम और उसके पिता बब्बन पर अपहरण का आरोप लगाते हुए अनहोनी की आशंका जताई है। सीओ कैंट प्रभात राय ने बताया कि छात्रा की तलाश चल रही है, जल्द ही उसे ढूंढ लिया जाएगा।