चंद रकम की लालच देकर बैंक खाता खुलवाकर लाखों रुपये इधर-उधर करने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जालसाजी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लालच देकर खाता खुलवाता था, फिर उनके खाते में रकम मंगाते थे।
सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर सीओ कोतवाली तारकेश्वर ने जालसाजों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को खाता के जरिए फर्जीवाड़ा की सूचना मिली थी। उसके बाद एसओ तिवारीपुर संजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने जालसाजों को पकड़ा। पुलिस की जांच में सामने आया है कि कई खातों में सवा करोड़ रुपये आए और फिर दूसरों खातों या फिर नकदी निकाले गए हैं। यह रकम कहां से आई और किनके खातों में गई है, इसकी भी जांच कराई जा रही है। जिनके नाम के खाते होते थे, उन्हें कुछ रुपये थमा दिए जाते थे।
सीओ ने बताया कि पुलिस की ओर से बैंक को भी पत्र लिखा गया है। पुलिस को यह भी आशंका है कि काले धन को सफेद करने के लिए इन खातों का इस्तेमाल किया गया है। पकड़े गए लोगों की पहचान तिवारीपुर के बहरामपुर निवासी दिनेश कुमार, बेलीपार उत्तरी कोलिया निवासी सुरेंद्र कुमार, सहजनवां, बनवाड़ा निवासी संतोष कुमार, बहरामपुर निवासी ऋषि कुमार, सूरजकुंड निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है।