गोरखपुर। कैंपियरगंज पुलिस ने अंतर जनपदीय लुटेरे और पंद्रह हजार के इनामी बदमाश सुनील सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से तमंचा और कारतूस और डेढ़ किलो गांजा बरामद हुआ। गोरखपुर, महराजगंज के अलावा सिद्धार्थनगर में सुनील पर हत्या, लूट सहित कई गंभीर धाराओं में 32 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस लाइंस में एसपी उत्तरी अरविंद कुमार पांडेय और सीओ कैंपियरगंज रोहन प्रमोद बोत्रे ने प्रेस कांफ्रेंस कर पकड़े गए बदमाश के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैंपियरगंज इंस्पेक्टर राणा देवेंद्र प्रताप सिंह हमराहियों के साथ इनामी बदमाशों की तलाश में लगे थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना के बाद पुलिस टीम ने यूएस एकेडमी मोड़ पर घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान कैंपियरगंज के राजपुर गांव के सहजनवां टोला निवासी सुनील सिंह के रूप में हुई है।
तीन पर गैंगेस्टर, गिरफ्तार
गोरखपुर। कैंपियरगंज पुलिस ने 25 हजार के इनामी वन तस्कर समेत तीन लोगों पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की। सीओ कैंपियरगंज रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि कैंपियरगंज और पीपीगंज थाने की संयुक्त टीम बदमाशों की धरपकड़ में लगी हुई थी। इस बीच पता चला कि नवापार चौराहे पर तीन शातिर बदमाश खड़े है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कैंपियरगंज क्षेत्र के लक्ष्मीपुर यादव टोला निवासी मुन्नी लाल, अनिल और अलगटपुर निवासी विजय यादव के रूप में हुई। पकड़े गए बदमाश शातिर किस्म के वन तस्कर है। वह 17 अगस्त 2018 से फरार चल रहे थे। तीनों पर 25-25 हजार रुपये के इनाम थे।