पीपीगंज। इलाके के गायघाट, पनेली टोला के लोगों ने ग्राम प्रधान पर राहत सामग्री के बंटवारे में पक्षपात का आरोप लगाया। इसी से नाराज प्रधान समर्थकों ने सोमवार की सुबह एक युवक की पिटाई कर दी। थोड़ी देर बाद पनेली और सेमरहा टोला के लोग आमने-सामने आ गए और उनमें मारपीट शुरू हो गई। इसमें आठ लोग घायल हो गए। एसओ ने मामला शांत कराया। प्रधान पक्ष के चार लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को प्रशासन ने ग्रामसभा पनेली व टोला सेमरहा में त्रिपाल व राशन भेजा था। आरोप है कि प्रधान तेजनाथ यादव ने राहत सामग्री अपने समर्थकों में वितरित करा दी। उन्होंने पनेली के बाढ़ पीड़ितों को भगा दिया। इससे नाराज लोगों ने घोलहवा टोला निवासी प्रधान तेजनाथ यादव के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर दी। इससे प्रधान के लोग नाराज हो गए। सोमवार की सुबह एक युवक शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। बचाव करने पहुंचे पनेली टोला के लोगों पर ग्राम प्रधान के समर्थकों ने हमला बोल दिया। मारपीट में आठ लोग घायल हो गए। इससे नाराज लोगों ने प्रधान के समर्थकों पर घर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे एसओ राणा देवेंद्र प्रताप सिंह, कौड़िया चौकी इंचार्ज संजय कुमार ने लोगों को शांत कराया। दुर्गेश कन्नौजिया की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।