रोडवेज में 65 संविदा चालकों की होगी भर्ती
गोरखपुर। राप्तीनगर डिपो में संविदा पर 65 चालकों की भर्ती होगी। इसे लेकर आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एआरएम मुकेश कुमार ने बताया कि राप्तीनगर डिपो के साथ ही गोरखपुर परिक्षेत्र के किसी भी डिपो में आवेदन जमा किए जा सकते हैं। संविदा चालकों की न्यूनतम योग्यता पांच फीट तीन इंच लंबाई, उम्र 23 वर्ष छह महीने से अधिक, आठवीं पास या उससे ऊपर तथा दो साल पुराना लाइसेंस (भारी वाहन चलाने का) होना जरूरी है। संविदा चालकों को प्रति किलोमीटर 1.36 रुपये के हिसाब से मानदेय मिलेगा। साथ ही महीने में पांच हजार किलोमीटर चलने पर तीन हजार रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी। महीने में 22 दिन सेवा देनी होगी। भर्ती 17 जुलाई को सुबह 10 बजे से खजनी कंबल कारखाना परिसर में होगी। एआरएम ने बताया कि भर्ती से संबंधित किसी भी तरह की सूचना के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम के मो. नंबर 9415049646, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज राप्तीनगर 8004912960 पर संपर्क किया जा सकता है।