आज 55 करोड़ की योजनाओं का तोहफा देंगे सीएम
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को जिले को 55.30 करोड़ की विकास योजनाओं का तोहफा देंगे। इसमें 2.60 करोड़ की लागत से सूर्यकुंड धाम के सुंदरीकरण का शिलान्यास और 52.70 करोड़ रुपये की लागत के पांच कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे पर दोपहर एक बजे हेलीकाप्टर से एमपी पॉलिटेक्निक के हेलीपैड पर पहुंचेेंगे। वहां से 1:15 बजे से दो बजे तक सूर्यकुंड मंदिर में दर्शन और फिर योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वह समारोह को संबोधित भी करेंगे। शाम को गोरक्षनाथ मंदिर में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन सोमवार की सुबह मंदिर में फरियादियों की समस्या सुनेंगे और फिर सुबह दस बजे लखनऊ रवाना हो जाएंगे। उधर उनके आगमन को लेकर डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, एसएसपी डॉ सुनील कुमार गुप्ता, सीडीओ अनुज सिंह, नगर आयुक्त अंजनी सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अजीत सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। सूर्यकुंड धाम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सदर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रवि किशन, मेयर सीताराम जायसवाल समेत कई विधायक भी मौजूद रहेंगे।