गोरखपुर। गुलरिहा में पांच दिन पहले हुई मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे उत्तेजित मृतक के परिवार के लोगों ने शुक्रवार सुबह दूसरे पक्ष के घर धावा बोल दिया। इस दौरान सिपाहियों की मौजूदगी में महिलाओं से मारपीट, तोड़फोड़ और आगजनी की गई। सरहरी प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम ठाकुरपुर नंबर दो निवासी जगदीश यादव के बेटे जनार्दन का गांव के ही तप्पे निषाद से खेत में मिट्टी डालने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि तप्पे, उसके बेटे विनोद और रामसिंह ने जनार्दन की जमकर पिटाई की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विनोद और राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि तप्पे फरार था। जनार्दन का राजेंद्र नगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा था। शुक्रवार सुबह जनार्दन की मौत हो गई। शव आने से फैली उत्तेजना के बीच परिवार और उसके समर्थकों ने तप्पे के घर हमला बोल दिया। हमलावरों ने इस दौरान महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। महिलाओं की सूचना पर सरहरी चौकी के दो सिपाही मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने सिपाहियों के सामने भी महिलाओं से मारपीट जारी रखी और मवेशियों के लिए बनी झोपड़ी और इसी झोपड़ी से संचालित होने वाली दुकान में आग लगा दी। दोनों पक्ष अलग-अलग बिरादरी के होने से इलाके में जातीय संघर्ष की खबर फैल गई। इसके बाद एक-एक कर एसओ, सीओ, एसपी (सिटी) और एसडीएम मौके पर पहुंचे। अफसरों ने बमुश्किल उत्तेजित लोगों को शांत किया, जबकि इस बीच हमलावर फरार हो गए। एसएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि जनार्दन की मौत के बाद केस की धाराएं तरमीम की जाएंगी। साथ ही तोड़फोड़ और आगजनी करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। मौके पर फोर्स तैनात की गई है। देर शाम शव का अंतिम संस्कार होने के बाद से स्थिति काबू में है।