देवरिया में हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने बोलेरो में आग लगा दी।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। शहर के भीखमपुर रोड पर बृहस्पतिवार शाम के करीब साढ़े सात बजे अनियंत्रित बोलेरो ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। सूचना के बाद भी काफी देर तक पुलिस के न पहुंचने से नाराज लोगों ने चार पहिया वाहन को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते गाड़ी धू-धूकर जल गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर स्थिति को संभाला। चालक को नशे में धुत होना बताया जा रहा है। हादसे में घायल तीनों लोगों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के मुसहरी के रहने वाले रामसरन राजभर पुत्र रामअधार का निजी चार पहिया वाहन है। गुरुवार को वह इलाके के एक गांव से बारात लेकर सदर कोतवाली के बैकुंठपुर जा रहे थे। अभी वह चार पहिया वाहन लेकर भीखमपुर रोड में पहुंचे थे कि चालक नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही दो बाइक में ठोकर मार दिया। इससे एक बाइक पर सवार खुखुंदू के नूनखार के रहने वाले प्रभाकर तिवारी 28 पुत्र कौशल तिवारी, रामपुर कारखाना के कुशहरी की मीना देवी 28 पत्नी विक्की, विकास 20 घायल हो गए हैं। इससे नाराज लोगों ने चालक रामसरन की पीटा और वाहन को आग के हवाले कर दिया। वाहन में सवार बरातियों ने मौके से भागकर जान बचाई। सीओ संदीप सिंह, कोतवाल राय साहब यादव मयफोर्स मौके पर पहुंचे। फायर सर्विस के वाहन ने पहुंचकर आग बुझाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल गया था। तीनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। वाहन चालक रामसरन को पुलिस ने हिरासत में लिया है।