संतकबीरनगर। कार्यालयों के वातावरण में सुधार और कार्य संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य शुक्रवार को जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने ‘वह शक्ति हमें दो दया निधे, कर्तव्य मार्ग पर डट जाएं...’ नामक प्रार्थना से कार्य की शुरूआत कराई। उन्होंने कहा कि कार्यालय का समय अधिकारियों के लिए प्रात: नौ बजे से है, लेकिन कर्मचारियों के लिए दस बजे से किया गया है। ऐसे में प्रत्येक कार्यालयों में विभागाध्यक्षों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की गई है कि प्रत्येक दिन 9 बजकर 55 मिनट पर पहुंचकर प्रार्थना का स्मरण करते हुए अपने दैनिक कार्यालयी कार्यों का संपादन करें। वहीं दूसरे दिन एक और प्रार्थना ‘ऐसी शक्ति हमें देना दाता...’ प्रार्थना का आयोजन करें। प्रतिदिन बदलकर प्रार्थना की जाए। अगर सभी विभागाध्यक्ष अपने कार्यालयों में इस कार्य संस्कृति को विकसित कर काम की शुरूआत करेंगे तो समाज में अच्छा संदेश जाएगा। इस अवसर पर एडीएम सत्येंद्र नाथ शुक्ल, एडीएम न्यायिक अनिल कुमार मिश्र, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुशील कुमार पांडेय, लालजी शुक्ल, नफीसुल हसन, शिशिर श्रीवास्तव, जिला प्रावेशन अधिकारी विजय कुमार पांडेय, लवकुश, अनिल कुमार त्रिपाठी, रघुवर प्रसाद, बद्री प्रसाद आदि लोग उपस्थित रहे।