गोरखपुर। सरकार ने सुकन्या समृद्धि योजना में कई बड़े बदलाव किए हैं। अब इस योजना में खाता खुलवाने के लिए आपको सिर्फ 250 रुपये जमा कराने होंगे। इसके पहले एक हजार रुपये से खाता खोला जाता था। इसमें नवजात से लेकर दस साल तक की बच्चियों के खाते खोले जा सकते हैं। डाकघर की मुख्य शाखा के अलावा किसी भी केंद्रीयकृत बैंक में खाता खोला जा सकता है। केंद्र सरकार ने सुकन्या समृद्धि योजना की शुरुआत चार दिसंबर 2014 को थी। सरकार की मंशा घटते लिंगानुपात के बीच कन्या जन्म दर को प्रोत्साहन देना और माता-पिता पर से बेटी की पढ़ाई व शादी के लिए रकम की टेंशन दूर करना है।
एकाउंट खोलने के लिए जरूरी
सुकन्या समृद्धि अकाउंट खुलवाने के फार्म भरते समय बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र, जमाकर्ता (माता-पिता या अभिभावक) का पहचान पत्र (पैन कार्ड, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट आदि), पते का प्रमाणपत्र (पासपोर्ट, राशन कार्ड, बिजली बिल, टेलीफोन बिल) संलग्न करना होगा।
दो बेटियों का खोल सकते हैं खाता
इस योजना में एक बेटी के नाम से एक ही खाता खुलवाया जा सकता है। वैसे खाता दो बेटियों के नाम भी खुल सकता है। जुड़वा बेटी होने की सूरत में तीसरी बेटी का खाता भी खुलवाया जा सकता है।
कब निकाल सकते हैं पैसे
इस एकाउंट में बेटी जब 18 साल की होगी तो वह ही 50 फीसदी पैसा निकाल सकती है। जब वह 21 साल की होगी तो अकाउंट मैच्योर होने पर पूरा पैसा निकाल सकती है। डाक अधीक्षक एसएन दूबे के अनुसार इसके लिए अभिभावक को लिखकर देना होगा कि बेटी की शादी या फिर शिक्षा के लिए पैसे की जरूरत है।