फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चर्चों पर चमका तारा, चरनी में आया तारनहारा

Tue, 25 Dec 2018 12:14 AM IST
ajay Kumar Gorakhpur, Uttar Pradesh, India
विज्ञापन
विज्ञापन
गोरखपुर। ओस से भीगा क्रिसमस ट्री रंग-बिरंगी रोशनी में तारों से सजा लगा। हरे पत्तों पर जैसे सितारे उतरकर मसीहा का इस्तकबाल करने आए हों। चर्च पर सजे स्टार, गुब्बारे और कंदील के बीच प्रभु यीशु के जन्म की झांकियां आकर्षित कर रही थीं। दूसरी ओर प्रार्थना और वाच नाइट जारी थी। हर्षोल्लास से भरे माहौल में आधी रात को मसीहा चरनी में अवतरित हुए तो खुशियां छा गईं। लोग एक-दूसरे के गले लगने लगे और हर ओर ‘मेरी क्रिसमस’ गूंज उठा। चर्चों में पादरी लोगों को पर्व की शुभकामना देने के साथ ही देश दुनिया में अमनचैन और मुल्क की तरक्की की दुआ भी की।

कैथोलिक चर्चों में हुए विविध कार्यक्रम

भव्य रूप से सजे सेंट जोसेफ महागिरिजाघर, सिविल लाइंस में रात 9 बजे कैरोल सिंगिंग से आराधना सभा शुरू हुई। रात्रि 10 बजे से कैथोलिक धर्म प्रांत, गोरखपुर के धर्माध्यक्ष बिशप थामस थुरुथिमट्टम के नेतृत्व में पवित्र जागरण मिस्सा बलिदान हुआ। इसमें भारी संख्या में मसीही समुदाय के लोगों ने सहभागिता की। बिशप थामस ने क्रिसमस का संदेश दिया और सभी को पर्व की बधाई। पूजन के बाद चर्च के सामने बनी गोशाला में मोमबत्तियां जलाई र्गइं और फिर सभी ने केक काटकर एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। पल्ली पुरोहित फादर ग्रेगरी, फादर पाली, फादर रोजर, फादर बेन्नी, फादर सतीश, फादर जोशी समेत अनेक लोगों की सहभागिता रही। फादर ग्रेगरी ने बताया कि मंगलवार को प्रात: 8:30 बजे मिस्सा बलिदान पूजा का प्रारंभ होगा। धर्मपुर स्थित सेंट एंथोनी चर्च में प्रभु के आगमन की तैयारी व रात्रि जागरण का प्रारंभ करते हुए युवाओं ने कैरोल गाए। पवित्र जागरण मिस्सा का प्रारंभ रात 10:30 बजे हुआ।

आतिशबाजी से जताई खुशी

विभिन्न चर्चों में प्रभु यीशु के जन्म के मौके पर आतिशबाजी कर खुशियों का इजहार किया गया। इसके बाद लोगों ने केक और कॉफी का लुत्फ उठाया। चर्चों में रात पौने एक बजे तक भीड़ जमा रही।

सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता

सोशल मीडिया पर रात के 12 बजते ही क्रिसमस बधाई के संदेशों का तांता लग गया। लोगों ने अपने मित्रों एवं संबंधियों को फेसबुक, व्हाट्स एप के जरिए भी प्रभु यीशु के जन्म की बधाइयां प्रेषित कीं। उधर, कूड़ाघाट स्थित आवास विकास कॉलोनी के पार्क में भी बच्चों और युवाओं की टोली ने क्रिसमस सेलीब्रेट किया। यहां शिवांगी, कामाक्षी, शुभा, किशन, विक्की, यश, शुभ आदि बच्चों की टोली ने केक काटकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें