बस्ती। ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े चार सेवानिवृत्त समेत पांच कर्मियों के जीपीएफ से 51.62 लाख रुपये की वसूली की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, ये लोग अपने नियत वेतन से अधिक वेतन ले रहे थे। अडिट में गड़बड़ी मिलने पर महालेखाकार, इलाहाबाद के आदेश पर सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने आदेश का अनुपालन करने का निर्देश दिया है। इसी क्रम में कर्मियों से वसूली करने की जिम्मेदारी जिला विकास अधिकारी को दी गई। जिन कर्मियों के जीपीएफ से वसूली करने के आदेश जारी किए गए हैं। उनमें विक्रमजोत ब्लॉक के रिटायर्ड संयुक्त बीडीओ प्यारे लाल से 13,52,602 रुपये, कप्तानगंज के सेवानिवृत्ति सहायक लेखाकार बलराम यादव से 6,80,985 रुपये, बनकटी ब्लॉक में सहायक विकास अधिकारी सुरेंद्रनाथ त्रिपाठी से 6,74,560 रुपये जो 31 जनवरी 2018 को रिटायर हो रहे हैं। इसी तरह गौर ब्लॉक से सेवानिवृत्ति ग्राम विकास अधिकारी शिवशंकर शर्मा से 8,07,656 रुपये और दुबौलिया ब्लॉक के ग्राम विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद प्रजापति से 16,46,632 रुपये वसूली होगी। राजेंद्र प्रसाद की मृत्यु कार्यकाल के दौरान आठ जुलाई 2017 को चुकी है। जिला विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कटौती करने का आदेश बिल लिपिक को दिया जा चुका है।