गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2018 के लिए गोरखपुर में 38 केंद्र बनाए गए हैं। 18 और 19 जून को 41 हजार पदों के लिए 92 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही शहर को आठ सेक्टरों में बांटा गया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। नोडल अधिकारी एसपी ट्रैफिक आदित्य प्रकाश वर्मा ने बताया कि परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए हर चौराहे पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।
दो पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा दो पालियों में होगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 तक और दूसरी पाली में दोपहर तीन बजे से शाम पांच तक। प्रत्येक सेंटर पर सुरक्षा के लिहाज से एक सब इंस्पेक्टर, तीन कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल को तैनात किया गया है। सीओ रैंक के अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया गया है। किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए हेल्प डेस्क बनाई गई है।
अभ्यर्थी रखें खयाल
बिना फोटो वाले प्रवेश पत्र न ले जाएं
पहचान पत्र के रूप में ई आधार कार्ड मान्य नहीं
फूल लगे कपड़े या बड़े बटन के कोट पहनकर न जाएं
मोबाइल, इयरफोन जैसे डिजिटल डिवाइस की अनुमति नहीं
पानी की बोतल और खाने का सामान परीक्षा कक्ष में नहीं ले जा सकेंगे
काले या नीले रंग के बाल प्वाइंट पेन का इस्तेमाल करें, पेंसिल, जेल पेन, स्याही या स्केच पेन पर रोक है।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर दो घंटे पूर्व पहुंचना होगा