रुधौली(बस्ती)। नगर पंचायत के पहले शपथ ग्रहण समारोह में नगर पंचायत प्रशासन द्वारा एक बड़ी लापरवाही सामने आयी है। इसे लेकर क्षेत्रीय विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कड़ी नाराजगी जताई है। समारोह में विधायक के लिए कुर्सियां न लगने की जानकारी विधायक प्रतिनिधि विजय कुमार पांडे ने विधायक को दी तो उन्होंने समारोह में शामिल होने से इंकार कर दिया। वहीं सांसद प्रतिनिधि राकेश शर्मा ने शपथ ग्रहण में सांसद हरीश द्विवेदी को आमंत्रित नहीं करने पर नाराजगी जताई। एसडीएम कीर्ति प्रकाश ने बताया कि मेरी जिम्मेदारी मात्र शपथ दिलाने की थी, शेष व्यवस्था अधिशाषी अधिकारी रामसमुख की थी। यदि ऐसा हुआ है तो ईओ को इस संबंध में पत्र लिखा जाएगा। वहीं अधिशासी अधिकारी रामसमुख ने अपनी भूल स्वीकारते हुए कहा कि यह मेरे द्वारा पहला शपथ ग्रहण समारोह था जिसमें जल्दबाजी और भूलवश यह चूक हुई है। इसमें किसी भी तरह की संवैधानिक अवहेलना या ठेस पहुंचाने का मेरा कोई मकसद नहीं था।