रुद्रपुर तहसील में वेतन बिल पर हस्ताक्षर कराने को लेकर तहसीलदार और संग्रह अमीनों में नोकझोंक हुई।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर(देवरिया)। तहसील परिसर में सोमवार को संग्रह अमीनों और तहसीलदार में तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान संग्रह अमीनों ने तहसीलदार पर हर महीने वेतन बिल पर हस्ताक्षर करने में हीलाहवाली करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तहसीलदार अमीन संवर्ग के कर्मचारियों का उत्पीड़न करने में लगे है। वह वीआईपी शुल्क की मांग करते हैं। वेतन बिल पर हस्ताक्षर को लेकर तहसीलदार से तीखी बहस हुई। अमीन और तहसीलदार में बहस देख लोगों की भीड़ लग गई। अमीन संघ ने एसडीएम रामबिलाश को ज्ञापन देकर तहसीलदार के कार्य व्यवहार की शिकायत की। उन्होंने तहसीलदार पर राजस्व वसूली में असहयोग करने का भी आरोप लगाया। संग्रह अमीन संघ के अध्यक्ष श्रीराम यादव ने कहा कि हर माह वेतन बिल पर हस्ताक्षर कराने को तहसीलदार के यहां पैरवी करनी पड़ती है। सरकारी कार्यों में भी तहसीलदार संग्रह अमीनों का कोई सहयोग नहीं करते है। जिसको लेकर अमीनों में नाराजगी बनी है। यदि तहसीलदार के कार्य व्यवहार में सुधार नहीं हुआ तो अमीन वसूली बंद कर आंदोलन करेंगे। एसडीएम से शिकायत करने वालों में श्रीराम यादव, गोकरन मिश्र, राकेश श्रीवास्तव, तहसीलदार प्रसाद, विशालनाथ यादव आदि मौजूद रहे। इस बाबत तहसीलदार सूर्यभान गिरी ने कहा कि लेखपालों का वेतन बिल नहीं बनने के कारण देरी हुई। हीला हवाली का आरोप निराधार है।