बखिरा(संतकबीरनगर)। कोलकी चमरसन गांव में एक युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार को घर के बगल में स्थिति आम के पेड़ में उसका शव दुपट्टे से लटकता मिला। इधर घटना को लेकर गांव में लोग तमाम तरह की चर्चा कर रहे थे। कोलकी चरमसन गांव में शोभा(20) पुत्री स्वर्गीय लोरिक की लाश को रविवार को उसके घर के पास पेड़ से लटकती मिली। सूचना पर एसपी हेमराज मीणा, एएसपी अशोक वर्मा और सीओ राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। चाची आशमति पत्नी रमेश ने भतीजी शोभा के फंदे से लटक कर आत्महत्या करने की आशंका जताते हुए पुलिस को जानकारी दी। वहीं प्रधान श्याम सुंदर ने पुलिस को बताया कि शोभा की मां उर्मिला की करीब 15 साल पहले मौत हो गई थी। उर्मिला की शादी गांव के सांवर से हुई थी। सांवर और उर्मिला से दो बेटियां मैना और विमला पैदा हुईं। मैना और उर्मिला की शादी हो चुकी है। सांवर की मौत के बाद उर्मिला जेठ लोरिक के साथ रहने लगी। लोरिक-उर्मिला से पन्नेलाल, शुकुल और शोभा पैदा हुए। मां-बाप की मौत के बाद शोभा(20) अकेले रहती थी। भाई शुकुल रोजगार के सिलसिले में इंदौर(मध्यप्रदेश), दूसरे भाई पन्नेलाल लुधियाना (पंजाब) में रहते हैं। खर्चे के लिए दोनों भाई उसे रकम भेजते थे, जबकि शोभा भी गांव में मजदूरी कर लेती थी। उसके घूमने टहलने की प्रवृत्ति की वजह से उसके सगे संबंधी बहुत लगाव नहीं रखते थे। घर के दक्षिण ही उसकी करीब एक बीघा जमीन भी है। गांव के रामवृक्ष ने बताया कि शोभा के भाई अभी 15 दिन पूर्व घर आए थे और बहन की शादी क्षेत्र के बेलवनिया गांव में तय कर दी थे। गर्मी के सीजन में बहन की शादी होनी थी। मौत की वजह को लेकर लोग तमाम तरह का कयास लगा रहे थे। एसओ रामभवन यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्म हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी,उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।