रुद्रपुर(देवरिया)। स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर एक जालसाज ने चार युवकों को ठग लिया। पीड़ित युवकों ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है। मामला एकौना थाना क्षेत्र का है। पचरूखा गांव के सोनू सिंह, सत्येंद्र सिंह, आशुतोष सिंह और निपु सिंह ने एसपी से शिकायत की है कि तिघरा खैरवा गांव के रहने वाले एक युवक ने उनसे स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने को संपर्क किया। स्वास्थ्य विभाग में ब्लॉक कोआर्डिनेटर और सेवा दाता पद के लिए चारों युवकों से छह लाख रुपये लिए। युवकों को जालसाज ने एक माह में नियुक्ति पत्र देने का आश्वासन दिया। रकम देने के बाद युवकों ने सीएमओ कार्यालय देवरिया संपर्क किया तो पता चला कि विभाग में कोई भर्ती नहीं आई है। इसके बाद उन्होंने जालसाज से रुपये वापस करने की डिमांड की तो जालसाज फरार हो गया। पीड़ित जालसाज के घर गए तो उसके घर वाले मारने को दौड़ा लिया। जालसाज एकौना थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। पीड़ित युवकों ने एसपी से जालसाज से रुपया वापस दिलाकर कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत एकौना थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।