सिद्धार्थनगर। नौगढ़-उसका मार्ग पर नगर के गोबरहवा बाजार मोड़ के निकट गुरुवार सुबह एसएसबी की बस आलू लदे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार नौ एसएसबी के जवान घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। भीमापार स्थित एसएसबी की 43वीं बटालियन हेडक्वार्टर से जवानों की एक टुकड़ी मेस से खाना लेकर जोगिया के मसिना पोस्ट पर जा रही थी। बस में ड्राइवर समेत 10 जवान सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोबरहवा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहा आलू लदे ट्रक से एसएसबी की बस टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बस में सवार एसएसबी जवान एस.शिमला राव (30), देवेंद्र नाथ यादव (32), मुकेश कुमार (35), दुर्गेश कुमार यादव (27), डी. सुरेश (25), लक्ष्मण शिकारी (31), लाल बहादुर (30), अजय कुमार यादव (32) और रवींद्र कुमार निषाद (31) घायल हो गए। वहीं चालक हरिनारायण बाल-बाल बच गया। सूचना मिलते ही बटालियन हेडक्वार्टर से एसएसबी के अन्य जवान व अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां प्रारंभिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। चिकित्सक डॉ.सीबी चौधरी ने बताया कि जवानों के सिर, ठुड्डी व होठ पर चोटें आईं थी। इस संबंध में सदर एसओ डीके श्रीवास्तव ने बताया कि एसएसबी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। छानबीन की जा रही है।