निचलौल। गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान युवती की मौत के बाद परिवार वालों के हंगामे और डॉक्टर के साथ दुर्व्यवहार से नाराज डॉक्टरों ने शुक्रवार चार घंटे ओपीडी बंद रखी। इलाज नहीं मिलने से तमाम मरीज वापस लौट गए। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी नंदलाल कुशवाहा के समझाने के बाद ओपीडी के लिए पर्ची कटी और डॉक्टरों ने मरीजों को देखा। डॉक्टर के साथ दुर्व्यवहार पर चिकित्सकों ने रोष जताया। डॉक्टरों ने अपनी सुरक्षा की मांग की है। ओपीडी में पर्ची नहीं कटने से बजहां, बहुआर, बलहीखोर, निचलौल, परापुर, शीतलापुर, गड़ौरा के मनीष, अनिता, सुनीता, हर्षदेव, पारस, नवीन, कुसमावती आदि तमाम मरीज बिना इलाज के वापस लौट गए।