बैरिहवा मोहल्ले में युवक की मौत के बाद जुटे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। कोतवाली थानाक्षेत्र के बैरिहवा मोहल्ला निवासी रवि श्रीवास्तव(22) का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। कमरे में मिले सुसाइड नोट में रवि ने इसके लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है। बीएसएनएल से सेवानिवृत्त ओम प्रकाश श्रीवास्तव के तीन बेटों में रवि सबसे छोटे थे। पिता के अनुसार, वह कुछ वर्षों से कंपनी बाग फव्वारा तिराहे के पास स्थित एक मॉल में सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे। परिवार के लोगों ने बताया कि मंगलवार रात ड्यूटी से आने के बाद वह खाना खाकर अपने कमरे में सोने गए। उस समय कोई ऐसी गतिविधि भी परिवार के लोगों ने नहीं देखी। सुबह जब काफी देर तक नहीं उठे तो जगाने जगाने के लिए दरवाजा खटखटाया गया। न उठने पर खिड़की से देखने पर पता चला कि रवि कमरे में पंखे के कुंडे पर फंदे से लटका हुआ है। सूचना पर पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी पर जुटे लोग यही कह रहे थे कि रवि की शादी भी नहीं हुई थी, जिसके नाते उन पर आर्थिक दबाव भी नहीं था। फिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। एसपी संकल्प शर्मा का कहना है कि पोस्टमार्टम में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है। शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया है।