बर्डपुर(सिद्धार्थनगर)। एसएसबी व मोहाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को चेकिंग के दौरान सीमा पर स्थित पिलर 544/36 के पास से एक तस्कर को 10 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव के टोला बसालतपुर का बताया जा रहा है। पूछताछ के बाद केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष मोहाना सौदागार राय ने बताया कि बुधवार को एसएसबी के साथ नेपाल सीमा के ककरहवा बाजार स्थित पिलर संख्या 544/36 के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक तस्कर नेपाल से बड़ी मात्रा में चरस लाने वाला है। चौकस जांच टीम को सीमापार से एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखा। उसे रोकने की कोशिश की गई तो वह भागने लगा। उसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके झोले से 10 किलो चरस बरामद हुई। पूछताछ मेें आरोपी की पहचान थाना क्षेत्र भगवानपुर गांव के टोला बसालतपुर गांव निवासी महेंद्र के रूप में हुई। उसने बताया कि चरस सप्लाई करने के लिए ला रहा था। टीम में चौकी प्रभारी ककरहवा महेश सिंह, सिपाही राममिलन यादव, अरविंद यादव,राकेश मौर्य,एसएसबी के एसआई सोमपाल सिंह, कुलवंत सिंह, जुनैद खां आदि शामिल रहे।