बूथ जीता को चुनाव जीत लिया: योगी
पिपराइच/पादरी बाजार (गोरखपुर)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। पादरीबाजार स्थित एक लॉन में मुख्यमंत्री ने कहा कि बूथ जीता तो चुनाव जीत लिया। बूथ स्तरीय कार्यकर्ता एकजुट हो जाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन को आगे बढ़ाने का काम करें। इससे पहले मुख्यमंत्री ने तीन मंडल के एक-एक बूथ की समीक्षा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलवार को वृहद जनसंपर्क अभियान चलेगा। हर बूथ के कार्यकर्ता मतदाताओं के बीच जाएं। केंद्र, यूपी सरकार की उपलब्धियां गिनाएं और सहयोग मांगें। बताएं कि सरकार ने महिलाओं का मान-सम्मान बढ़ाया है। जिन राजनीतिक दलों ने चीनी मिलों को बेचने का काम किया, वह अब गठबंधन करके वोट मांग रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी रवि किशन और विधायक महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि एक बार फिर मोदी सरकार बनेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता राधेश्याम सिंह और संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने किया। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह, नपा अध्यक्ष जीतेन्द्र कुमार जायसवाल, वीरेंन्द्र पाठक संघर्ष मणि, प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष पप्पू सिंह मौजूद रहे।