गोलाबाजार में अपने सर्मथकों के साथ बैठे सदर विधायक जय चौबे।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर(वीरेंद्र यादव)। विधान सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जिले की तीनों विधान सभा सीटों पर जीत हासिल की था, लेकिन निकाय चुनाव में भाजपा केवल खलीलाबाद विधान सभा क्षेत्र की दोनों सीटें ही जीत सकी। इस जीत से भाजपा के दिग्गजों की प्रतिष्ठा तो बच गई, लेकिन धनघटा व मेंहदावल विधान सभा क्षेत्र की नगर पंचायतों में भाजपा की हार ने पार्टी को झटका जरूर लगा है। विधानसभा में खलीलाबाद से जहां दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे जीते थे तो मेंहदावल में राकेश सिंह बघेल व धनघटा विधान सभा क्षेत्र से श्रीराम चौहान चुनाव जीते थे। नगर निकाय चुनाव की डुगडुगी बजी तो तीनों विधायकों की प्रतिष्ठा दांव पर लग गई। इसके साथ ही खलीलाबाद के सांसद शरद त्रिपाठी की भी अग्नि परीक्षा थी। चुनाव के दौरान वैसे तो सांसद नहीं दिखे, लेकिन उनके पिता एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति त्रिपाठी जरूर सक्रिय रहे। इसके साथ ही नगर पालिका परिषद खलीलाबाद में पार्टी प्रत्याशी श्यामसुंदर वर्मा व नगर पंचायत मगहर की पार्टी प्रत्याशी संगीता वर्मा के लिए सदर विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने अपनी प्रतिष्ठा लगा दी। इसका सार्थक परिणाम भी सामने आया और खलीलाबाद से श्यामसुंदर वर्मा व मगहर नगर पंचायत से संगीता वर्मा जीतने में सफल रहीं। दूसरी तरफ मेंहदावल विधान सभा क्षेत्र में नगर पंचायत मेंहदावल में भाजपा प्रत्याशी तारा देवी को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा तो धनघटा विधान सभा क्षेत्र के नगर पंचायत हरिहरपुर में भाजपा प्रत्याशी बनवारी लाल भी दूसरे स्थान पर रहे।