सोनौली। भारत से नेपाल जाने वाले माल वाहक ओवर लोड ट्रकों को नेपाल कस्टम में तीन दिनों तक रोके जाने से स्थानीय ट्रक मालिकों और व्यापारियों में आक्रोश है। ट्रक मालिकों और व्यापारियों ने बैठक कर नेपाल के उद्योगपतियों को चेतावनी दी। शनिवार की दोपहर ट्रक आपरेटर कल्याण समिति नौतनवा के अध्यक्ष पप्पू खान के नेतृत्व में कुनसेरवा बाईपास पर हुई बैठक में व्यापारियों और ट्रक मालिकों ने नेपाल कस्टम के तीन दिनों तक भारतीय वाहनों को रोकने पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि नेपाल का यही रवैया रहा तो नेपाल माल ढुलाई बंद कर ट्रक आपरेटर सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे। इस मौके पर महंत सुरेश मणि त्रिपाठी, बच्चू सरदार, रिंकू सिंह, रिंकू जायसवाल, घनश्याम पाठक, राजेंद्र सिंह, मंगल सिंह आदि मौजूद रहे।