सेमरियावां(संतकबीरनगर)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मदरसों को अपने यहां आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी करानी होगी। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद ने पहली बार इस संबंध में गाइड लाइन जारी की है। यही नहीं कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट की सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय को देना होगी। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के रजिस्ट्रार राहुल गुप्ता ने समस्त जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों को पत्र जारी करके स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी मान्यता प्राप्त अनुदानित एवं गैर अनुदानित मदरसों में सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए निर्देश जारी किया है। इसके अनुसार 15 अगस्त को सुबह आठ बजे झंडारोहण एवं राष्ट्रगान का आयोजन होगा। आठ बजकर दस मिनट से स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि, स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालना, मदरसे के छात्र छात्राओं के जरिए राष्ट्रीय गीतों का प्रस्तुतीकरण, राष्ट्रीय एकता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है। निर्देश दिया गया है कि पूरे कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाए ताकि उत्कृष्ट कार्यक्रम को प्रोत्साहित किया जा सके। डीएम मारकंडेय शाही ने बताया कि शासन के निर्देश का अनुपालन कराए जाने का निर्देश जारी कर दिया गया है।