बघौली के पास पकड़े गए नकली गुटके को कोतवाली में पैक करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
बघौली(संतकबीरनगर)। पुलिस टीम ने मंगलवार को क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय जंगल कला के पास बने एक नवनिर्मित मकान में छापेमारी कर भवन स्वामी समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। तलाशी में यहां से भारी मात्रा में नकली गुटका, उसके रैपर और मशीन आदि बरामद हुई। पकड़े गए चारों आरोपियों के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज किया गया है। सूत्रों के अनुसार, एसपी की स्पेशल पुलिस टीम के प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल सिंह और स्वाट टीम को मंगलवार को बघौली क्षेत्र में नकली गुटका फैक्ट्री की सूचना मिलने के एक पुलिसकर्मी ग्राहक बनकर पहुंचा। इसके बाद टीम भी पहुंच गई। पुलिस की तलाशी में मौके से एक नामी कंपनी का तैयार गुटका, कच्चा माल, गुटखा बनाने की मशीन, नकली रैपर, खाली डिब्बे, जनरेटर, बाइक और नकदी बरामद हुई। पकड़े गए मकान मालिक पवन कुमार मौर्य गोरखपुर जिले के सहजनवां के निवासी हैं। अन्य तीन लोगों में गोरखपुर जिले के सहजनवां के ही राम प्रसाद , हरपुर बुदहट के बबलू और कानपुर निवासी शनि सोनी को पकड़ा गया। पूछताछ में पवन मौर्या ने बताया कि करीब एक साल पहले वह यहां मकान बनवाए है और आलमारी व बाक्स बनाने का कारोबार करते हैं। वह नमकीन बनाने की मशीन खरीदने कानपुर गए थे, जहां अभी हाल ही में कानपुर के सुमित श्रीवास्तव से उसकी जान पहचान हुई। उनके साथी राम प्रसाद ने संपर्क साधा तो गुटका बनाने के लिए सामग्री उपकरण उपलब्ध कराए और गुटका तैयार करने के लिए कानपुर के शनि सोनी को भी भेज दिया। तैयार माल भी कानपुर में ही मंगाने की बात सुमित ने कही थी। अभी 300 पैकेट गुटका तैयार हो पाया था। एसएसआई रामभवन यादव ने बताया कि पवन मौर्या, राम प्रसाद मौर्या, शनि सोनी और बबलू यादव के खिलाफ जालसाजी के मामले में केस दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही।