देवरिया। पारिवारिक विवाद में रविवार सुबह युवक ने घर में ही फंदे पर लटककर जान दे दी। मामला सदर कोतवाली के देवरही मंदिर के पास का है। मृतक की शादी चार माह पूर्व हुई थी। देवरही मंदिर के पास बुचन राजभर का बेटा बसंत 24 मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाता था। इसी साल 26 मई को उसकी शादी कोतवाली इलाके के ही आमघाट गांव के रामलाल की बेटी शीला से हुई थी। बताया जा रहा है कि बसंत शराब पीने का आदी था। दीपावली के दिन जुआ खेलने में वह सोने की चेन हार गया था। घर पहुंचने पर पत्नी ने उसका विरोध किया। इस पर वह पत्नी को मारने-पीटने लगा। रविवार सुबह भी उसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। बसंत ने पत्नी शीला की जमकर पिटाई की और घर में जाकर छत की कुंडी से लटक गया। जानकारी होते ही लोगों ने दरवाजा तोड़कर उसे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। मृतक बसंत तीन भाइयों में बीच का था। कोतवाली पहुंची पत्नी शीला का रो-रोकर बुरा हाल था। प्रभारी कोतवाल श्रवण यादव ने कहा कि जानकारी मिली है, मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।