इटवा(सिद्धार्थनगर)। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बिस्कोहर कस्बे में स्थित कपड़े की दुकान में बृहस्पतिवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग से कपड़े, फर्नीचर आदि जलकर गए। आग इतनी भयावह थी कि मकान की दीवारों में दरारें पड़ गईं। फायर ब्रिगेड टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बिस्कोहर के मेन मार्केट में बाबू लाल गुप्ता अपने मकान के निचले हिस्से में कपड़े की दुकान चलाते हैं और मकान की दूसरी मंजिल पर परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार रात दुकान बंद कर वे सोने चले गए। बृहस्पतिवार भोर में करीब साढ़े तीन बजे शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। धुआं उठता देख परिवार वाले घर के पीछे के रास्ते निकल कर बाहर आए और शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग जुटे और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। कुछ ही देर में आग भयावह हो गई। सूचना पर एसओ त्रिलोकपुर ब्रह्मानंद गौड़ ने फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी और घटना स्थल पर पहुंचे।
दुकान मालिक के घर में तीन गैस सिलिंडर होने की जानकारी देने के बाद अफरा तफरी मच गई। मोहल्ले के किनकान मोदनवाल, भाजपा के सेक्टर प्रभारी अजय गुप्ता व प्रभात जायसवाल हिम्मत जुटाते हुए घर में घुसे और वहां रखी बाइक, तीन गैस सिलिंडर व जनरेटर बाहर निकाला। घटना के दो घंटे बाद सुबह पौने छह बजे पहुंची फायर ब्रिगेड व स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। बाबूलाल के मुताबिक से दुकान में रखा लगभग 20 लाख रुपये का कपड़ा सहित 50 लाख की क्षति हुई है। बाइक व तीन सिलिंडर के अलावा घर में कुछ भी नहीं बचा है। इस घटना से दुकान मालिक व उनकी पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। थानाध्यक्ष ब्रह्मनंद गौड़ ने बताया कि मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया गया है।