पकड़ी बाजार जाने वाली सड़क पर पुल निर्माण रोके जाने के बाद तनाव की सूचना पर पहुंचे अफसर।
- फोटो : अमर उजाला
भलुअनी(देवरिया)। कस्बे से पकड़ी बाजार जाने वाली सड़क पर जलजमाव को लेकर 44 दिनों से हिंदुस्तान जनमोर्चा के कार्यकर्ता धरने पर हैं। बुधवार को पुलिया निर्माण कराने पीडब्ल्यूडी की टीम पहुंची तो एक समुदाय के कुछ लोगों ने निर्माण कार्य प्रारंभ करने से रोक दिया। इससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। बाद में एसडीएम अरुण सिंह और सीओ वरुन मिश्र के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। पकड़ी बाजार को जाने वाली सड़क पर सेंट्रल बैंक की शाखा के सामने जलजमाव रहता है। इससे आने-जाने वालों को दिक्कत होती है। लोगों का कहना है कि करीब पांच साल पहले जलनिकासी के समुचित प्रबंध को लेकर लोकनिर्माण विभाग ने पुलिया गिरवा दी थी, लेकिन वह आज तक नहीं बन सकी। इससे प्रदूषित पानी सड़क पर जमा होता है। इस मामले को लेकर हिंदुस्तान जनमोर्चा के अध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने दो बार तहसील दिवस पर फरियाद की। बुधवार को पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी जलनिकासी की व्यवस्था करने पहुंचे लेकिन एक समुदाय ने कब्रिस्तान का हवाला देते हुए कार्य होने से रुकवा दिया। मामला बढ़ता देख थानाध्यक्ष सरोज शर्मा ने बरहज सर्किल और देवरिया कोतवाली सहित पांच थानों की पुलिस बुला ली। एसडीएम ने बताया कि मामला जलनिकासी का है। पीडब्ल्यूडी को एक सप्ताह में इसे सही करा लेने का निर्देश दिया गया है।