गोरखपुर। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है। पहले दो टुकड़े किए गए थे। अब जरूरत पाकिस्तान को दुनिया के नक्शे से मिटाने की है। इस दिशा में भारत सरकार को काम करना चाहिए। वह मंगलवार को तारामंडल रोड स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित राष्ट्रीय किसान परिषद के सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सेना के शौर्य पर गर्व है। अब एक बड़ा बम गिराने से काम नहीं चलेगा। आतंकियों को ऐसा सबक सिखाया जाना चाहिए ताकि वे पुलवामा जैसा हमला करने का दुस्साहस न कर सकें। सम्मेलन में जंग बहादुर पटेल, जगदंबा सिंह, राणा प्रताप सिंह, भगवान चौधरी, संजय कुमार, श्याम सुंदर चौधरी, रवि पटेल, बृजेश सिंह टेल्हना आदि मौजूद रहे।
सरकार ने किसानों के हित में नहीं किया कोई काम
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने मोदी सरकार को निशाने पर लिया। कहा कि किसानों के हित का कोई काम नहीं हुआ है। फसलों की लागत बढ़ गई है। कम दर पर बिजली देने की मांग भी ठंडे बस्ते में है। किसानों के हित का सिर्फ दिखावा किया जा रहा है। डॉ. तोगड़िया ने राम मंदिर पर भी भाजपा को घेरा। कहा कि जल्द ही चुनाव की तारीख घोषित होगी लेकिन राम मंदिर निर्माण का मुहूर्त नहीं आया। यह वादाखिलाफी है। इसका जवाब जनता जरूर देगी।
इतनी मौतें तो जंग में नही होतीं
डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि 52 महीने में करीब 481 सैनिक शहीद हो चुके हैं। पुलवामा हमले को जोड़ लें तो संख्या 500 के पार चली जाएगी। जितनी मौतें हुई हैं, उतनी तो जंग के दौरान भी नहीं होती है। इस आंकड़े पर सरकार को सोचना चाहिए और जनता को जवाब देना चाहिए।